श्रीगंगानगर के कोडा चौक पर आज लोगों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। आज सुबह साढ़े दस बजे कोडा चौक पर ट्रांसफार्मर के बिल्कुल करीब धरती फटी और करीब 25 फुट फव्वारा फूट पड़ा। वीडियो में आपको यह फव्वारा दिखाई दे रहा है, जो अचानक से पक्की बनी हुईं सड़क में से निकला था। इसकी ऊंचाई इतनी थी कि यह ऊपर गुजर रही बिजली की हाइटेंशन को छू रहा था।
प्रत्यक्षदर्शी इन्द्र नागपाल ने बताया कि दस मिनट तक यह मंजर ऐसे ही रहा, इस दौरान उन्होंने व अन्य लोगों ने तुरंत बिजली बोर्ड को फोन कर लाइट बंद करवाई और उसके बाद जेइएन व एसई को सूचना देकर पानी की सप्लाई को भी बंद करवाया, नहीं तो यहां बड़ा हादसा हो सकता था।
आपको बता दें कि जिस जगह पर यह घटना घटित हुई, यहीं डीके पांडे नाम का व्यक्ति अपनी फ्रूट की रेहड़ी लगाता है। आज उसे आने में मात्र 10 मिनट की देरी हो गई, नहीं तो जिस प्रकार के प्रेशर से करीब 25 फुट ऊंचा पानी का बहाव उठा था, यह कहना अतिश्योक्ति नहीं होगा कि अगर आज भी अपने समय पर उसने रेहड़ी लगाई होती तो वह हादसे का शिकार हो जाता। पानी का तेज बहाव उसे ऊपर उछाल देता और साथ में ही ट्रांसफार्मर होने की वजह से बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि अगर यह तेज फव्वारा दस-पन्द्रह मिनट और यूं ही जारी रहता और लोगों ने सूझबूझ नहीं दिखाई होती तो किसी भी तरह का हादसा यहां घटित हो सकता था। आमतौर पर यहां काफी लोगों का आना-जाना लगा रहता है, लेकिन आज संयोग से लोग-बाग इस जगह से दूर ही थे, इसलिए बचाव हो गया। या यूं कह सकते हैं कि भयंकर गर्मी की वजह से सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम ही थी।
अब बात करें घटना की तो सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार यहां से संभवत एलएनटी की कोई बड़ी पाइपलाइन गुजर रही होगी, जो अचानक से फट गई और पानी का प्रेशर इतना ज्यादा था कि धरती का सीना चीरते हुए 25 फुट ऊपर तक निकल गया। आप देख सकते हैं कि पानी बंद करने के बाद यह जगह एक बड़े खड्डे का रूप ले चुकी थी।
लबोलुआब यह है कि लोगों ने सूझबूझ न दिखाई होती तो आज यहां किसी अप्रत्याशित हादसे को रोकना संभव नहीं होता।

.webp)