श्रीगंगानगर विधानसभा क्षेत्र की वोटर लिस्ट में साजिश का आरोप

श्रीगंगानगर: श्रीगंगानगर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के दौरान एक सुनियोजित साजिश का खुलासा होने का दावा किया गया है। कांग्रेस पार्टी ने आरोप लगाया है कि एक समुदाय विशेष के मतदाताओं के नामों को जानबूझकर काटा जा रहा है, जिससे उनके मताधिकार को खतरा पैदा हो गया है। इस मामले को लेकर कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने आज जिला निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात कर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई और निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अंकुर मगलानी के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने आज जिला कलेक्टर डॉ. मंजू से मुलाकात की। शिष्टमंडल में शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष धर्मपाल झोरड़, जाफर शरीफ,मनोज भिडासरा, विनोद भाटी एडवोकेट और हिमांशु सिसोदिया समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल थे। मगलानी ने जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपे ज्ञापन में विस्तार से बताया कि एसआईआर के दौरान जिन मतदाताओं के नाम पूरी तरह सही पाए गए थे, उनके खिलाफ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा फर्जी आपत्तियां दाखिल की जा रही हैं। इन आपत्तियों में न तो आपत्तिकर्ता का पूरा नाम और पता दर्ज है, न ही मोबाइल नंबर। ज्यादातर मामलों में एक समुदाय विशेष के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है, ताकि उन्हें मतदान के अधिकार से वंचित किया जा सके।
मगलानी ने ज्ञापन में मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और आपत्तियां दाखिल करने वालों की पहचान उजागर की जाए। उन्होंने कहा कि यह साजिश लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर करने वाली है और अगर इसे रोका नहीं गया तो आगामी चुनावों में मतदाताओं का बड़ा वर्ग प्रभावित होगा। कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया में राजनीतिक हस्तक्षेप हो रहा है। मिगलानी ने श्रीगंगानगर विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने मताधिकार की रक्षा करें। उन्होंने कहा कि वोटर लिस्ट में अपने और परिवार के सदस्यों के नामों की जांच करें। अगर कोई समस्या आती है तो वे एच ब्लॉक में स्थित उनके कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। कांग्रेस की ओर से उनके वोट के अधिकार की पूरी सुरक्षा की जाएगी। मिगलानी ने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक का वोट महत्वपूर्ण है,और किसी भी साजिश से इसे छीना नहीं जा सकता।