श्रीगंगानगर, । गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह गुरुवार सुबह डॉ. भीमराव अम्बेडकर राजकीय महाविद्यालय के खेल प्रांगण में समारोहपूर्वक आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि आपदा प्रबंधन एवं सहायता, प्रशासनिक सुधार और समन्वय, सांख्यिकी विभाग व नीति निर्धारण प्रकोष्ठ एवं जिला प्रभारी मंत्री श्री गोविंद राम मेघवाल द्वारा प्रातः 9.05 बजे ध्वजारोहण किया गया।
मुख्य समारोह में श्री मेघवाल ने परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। मार्च पास्ट में आरएसी, राजस्थान पुलिस, महिला पुलिस, बार्डर होमगार्ड, अरबन होमगार्ड, एनसीसी सीनियर छात्र-छात्रा, हिन्दुस्तान स्काउट की टुकडियों ने भाग लिया। फ्लोराडेल स्कूल के विद्यार्थियों ने बैंड का प्रदर्शन किया। एडीएम प्रशासन डॉ. हरीतिमा ने महामहिम राज्यपाल का प्रदेशवासियों के नाम संदेश का पठन किया। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री श्री मेघवाल व जिला कलक्टर श्री सौरभ स्वामी सहित अन्य ने उपस्थित स्वतंत्रता सेनानियों व वीरांगनाओं का शॉल ओढाकर सम्मान किया। कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के विद्यार्थियों ने आर्कषक व्यायाम प्रदर्शन किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में नोजगे पब्लिक स्कूल, गुड शेफर्ड पब्लिक स्कूल, बीडीआईएस स्कूल और सेक्रर्ड हार्ट स्कूल के विद्यार्थियां ने देश भक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मुख्य समारोह में चिकित्सा, वन, समग्र शिक्षा, श्रीगंगानगर सहकारी उपभोक्ता होलसेल, जिला परिषद्, विद्युत, कृषि व उद्यान, महिला बाल विकास, टांटिया नशा मुक्ति केन्द्र, नगर परिषद, आबकारी, आयुर्वेद, यातायात पुलिस, पीएनबी, नेहरू युवा केन्द्र, परिवहन तथा नागरिक सुरक्षा विभागों द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों व विकास योजनाओं का संदेश देने वाली झांकियां प्रस्तुत की गई।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री मेघवाल ने 74वें गणतंत्र दिवस पर क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बहुत सी कुर्बानियों के बाद ही हम आजाद हुए हैं। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के समय संविधान निर्माताओं ने सभी देशवासियों को सामान रूप से अधिकार दिये हैं। संविधान निर्माण के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर व अन्य को जिम्मेदारी दी गई। उन्होंने कहा कि हमारे देश का संविधान एक आईना है तथा प्रतीक की तरह हैं, जिसमें समानता का भाव दिखता है। श्री मेघवाल ने कहा कि हमारे संविधान के अनुसार देश के प्रत्येक नागरिक को वोट का सामान अधिकार दिया गया हैं। उन्होंने विकास के लिए शिक्षा को बहुत जरूरी बताया। आज देश में शिक्षा प्राप्त कर महिलाएं आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, इंदिरा रसोई जैसी सभी फ्लैगशिप योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी ने अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं प्रदेषवासियों को दी हैं। शिक्षा का सुधार हुआ है। मेडिकल कॉलेज, कृषि कॉलेज प्रारंभ किये गये हैं।
कार्यक्रम में गंगानगर विधायक श्री राजकुमार गौड़, पुलिस अधीक्षक श्री आनन्द शर्मा, न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती अनुभूति मिश्रा, जिला परिषद के सीईओ श्री मुहम्मद जुनैद, प्रशिक्षु आईएएस श्री प्रतीक जुईकर, नगरपरिषद् की अध्यक्ष श्रीमती करूणा चाण्डक, श्री अशोक चाण्डक, श्री सुरेश आबुसरिया, एडीएम सर्तकता श्री उम्मेद सिंह रतनू, यूआईटी सचिव श्री मुकेश बारेठ, एसडीएम श्री मनोज कुमार मीणा, पीएचईडी एसई श्री जेपी जोरवाल, श्री विजय कुमार, डॉ.जीआर मटोरिया, पूर्व जिला प्रमुख श्री सीताराम मौर्य, श्री आत्माराम तरड़ सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मार्चपास्ट में शस्त्र बल में आरएसी ने प्रथम, राजस्थान पुलिस पुरूष ने द्वितीय एवं अर्बन होमगार्ड ने तृतीय तथा गैर शस्त्र बल में एनसीसी छात्रा ने प्रथम, एनसीसी छात्र ने द्वितीय तथा हिन्दुस्तान स्काउट गाईड ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार झांकियों यातायात पुलिस ने प्रथम, पेयजल ने द्वितीय और आयुर्वेद विभाग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बीसीए ने प्रथम, गुड शैफर्ड ने द्वितीय और सेक्रर्ड हार्ट स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। नोजगे, बीडीआईएस और फ्लोराडेल पब्लिक स्कूल की टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विभिन्न राजकीय भवनों पर किया गया ध्वजारोहण
गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला कलक्टर ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में, पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ध्वजारोहण किया। इसी प्रकार सूचना केन्द्र में सहायक निदेशक श्री अनिल कुमार शाक्य ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर सहायक सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी श्री रामकुमार राजपुरोहित, श्री हरदेव सिंह, श्री सुरेश कुमार मौजूद रहे। जिला सार्वजनिक पुस्तकालय में श्री रामनारायण शर्मा ने ध्वजारोहण किया। जिले के विभिन्न उपखण्ड व तहसील कार्यालयों, विभिन्न शिक्षण संस्थाओं, राजकीय कार्यालयों में गणतंत्र दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण व विभिन्न कार्यक्रम आयोजन किये गये।

.webp)
.webp)
.webp)