एक गली-गली झगड़े करवाएगा,दूसरा अफीम की खेती, हम श्रीगंगानगर का विकास करवाएंगे: मगलानी
श्रीगंगानगर। कांग्रेस के उम्मीदवार अंकुर मगलानी ने विरोधी उम्मीदवारों पर हमले की धार और तेज करते कहा कि एक उम्मीदवार तो गली-गली में झगडे करवाएगा और दूसरा इलाके में अफीम की खेती करवाना चाहता है। हम सिर्फ श्रीगंगानगर का विकास करवाएंगे। इलाके में अमन शांति हमारी पहली प्राथमिकता होगी। कल रात पुरानी आबादी की श्यामनगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और केदार चौक में चुनावी सभाओं को संबोधित करते अंकुर मिगलानी ने कहा कि सोशल मीडिया से पता चल ही गया होगा कि एक उम्मीदवार गली-गली में झगड़ा करवाएगा। दूसरा इलाके में अफीम की खेती करवाइएगा। यह इलाका पहले से ही नशे की गर्त में डूबा है। युवा पीढ़ी बर्बाद होती जा रही है। आए दिन इस कारण लड़ाई-झगड़े और छीना छपटी की वारदात होती हैं। लोग ना रात को सुरक्षित हैं ना दिन में। यह भयावह हालात सुधारना लोगों के ही हाथ में है कि उन्हें कैसा जनप्रतिनिधि चाहिए। विधायक राजकुमार गौड ने कहा कि कांग्रेस हमेशा एकजुट होकर चुनाव लड़ती है।इस बार भी हम सभी एकजुट हैं। पुरानी आबादी का यह इलाका हमेशा ही कांग्रेस के साथ रहा है। कांग्रेस के उम्मीदवार को हर बार श्यामनगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और केदार चौक क्षेत्र से लीड मिली है। इस बार भी यह रिकॉर्ड को कायम रखना है।शराब और नोट बांटने वालों से दूरी बनाकर ही रखनी है। नशे के खिलाफ देशभर में अभियान चला रहे श्रद्धानंदपति ने कहा कि अब तो बिल्कुल साफ हो गया है कि चुनाव तो दो उम्मीदवार लड़ रहे हैं मगर हमारा अंकुर मगलानी तो जीत रहा है। उन्होंने भी कहा कि इलाके में नशे के धंधे पर कड़ा प्रहार करने के लिए अंकुर मगलानी को विजयी बनाना बहुत ही जरूरी है। सभा में पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव टहलसिंह संधू, किसान कांग्रेस के नेशनल को-ऑर्डिनेटर सतपालसिंह सिद्धू, गिद्दड़बाहा (पंजाब) म्युनिसिपल काउंसिल के अध्यक्ष बिट्टा अरोड़ा, पार्षद प्रेम नायक, गुरमीतसिंह गिल, वरिष्ठ महिला कांग्रेस नेत्री कमला बिश्नोई, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष नमिता सेठी,उतमाराम नायक, सोहनलाल नायक आदि ने भी संबोधित किया। सभा में इतनी बड़ी संख्या में लोग आए की अंकुर मगलानी को मंच पर खड़े होकर भाषण देना पड़ा। उपस्थित लोगों में महिलाओं की संख्या ज्यादा रही। सभा के बाद अंकुर मगलानी ने सभी को साथ लेकर इलाके में जनसंपर्क किया।
