श्रीगंगानगर: जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष करण सहारण को पुन: कांग्रेस पार्टी में शामिल किया गया है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार तथा राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति द्वारा दी गई स्वीकृति के पश्चात् संगठन महासचिव ललित तूनवाल ने जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष करण सहारण को पुन: कांग्रेस पार्टी में शामिल करने का कार्यालय आदेश जारी किया है।
गौरतलब है कि सादुलशहर के पूर्व विधायक एवं जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व जिलाध्यक्ष चौ. सन्तोष कुमार सहारण के पोते करण सहारण द्वारा लोकसभा चुनाव में श्रीगंगानगर संसदीय क्षेत्र से इंडिया गठबंधन प्रत्याशी कुलदीप इन्दौरा को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाने के लिए सक्रियतापूर्वक चुनाव प्रचार किया जा रहा है तथा जनसम्पर्क अभियान में अग्रणी भूमिका निभाई जा रही है। करण सहारण ने इस निर्णय के लिए कांग्रेस के शीर्ष व प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है। वहीं, युवा कांग्रेस सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी खुशी का इजहार करते हुए, इसे संगठन हित में उचित निर्णय बताते हुए कहा है कि इससे युवाओं में भारी उत्साह है। करण सहारण को पुन: कांग्रेस मे शामिल करने से जिले में कांग्रेस को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी कुलदीप इंदौरा रिकॉर्ड तोड़ मतों से जीत हासिल करेंगे।