गंगानगर से भाजपा की लोकसभा प्रत्याशी प्रियंका बैलान को अधिक से अधिक वोटो से विजयी बनाने का किया आह्वान
गंगानगर में भाजपा द्वारा आज प्रबुद्ध जन सम्मेलन का आयोजन जिला अध्यक्ष शरणपाल सिंह की अध्यक्षता में किया गया। इस सम्मेलन की मुख्य वक्ता भाजपा की राष्ट्रीय सचिव व राजस्थान की सह प्रभारी श्रीमती विजया राहटकर थी। सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज देश की महिलाओं को सामाजिक सम्मान और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का काम नरेंद्र मोदी जी ने किया है। उन्होंने कहा की महिला और युवा विकास से राष्ट्र विकास की गारंटी मोदी की देन है। श्री नरेंद्र मोदी के 10 वर्ष के कार्यकाल में अनुसूचित जाति जनजाति ओबीसी महिला किसान मजदूर सहित प्रत्येक वर्ग को लाभ प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि श्री नरेंद्र मोदी जी की सोच के कारण ही मंगलयान की मुहिम तक में महिलाओं की भागीदारी दिखाई देती है। एक समय सरकारी नौकरी के पीछे भागने वाला देश का नौजवान आज खुद दूसरे लोगों को रोजगार देने का काम कर रहा है और देश के युवाओं ने रोजगार में एक अलग स्किल पैदा करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आज देश में बन रही अच्छी सड़के सच्ची नियत की परिचायक है। कभी भारत में 12 किलोमीटर प्रति दिन राष्ट्रीय सड़कों का निर्माण होता था जो आज नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में 37 किलोमीटर प्रतिदिन हो रहा है। देश में कांग्रेस की सरकारों के समय केवल दो एम्स थे जो पिछले 10 साल में 12 एम्स तक पहुंच गए हैं। मेडिकल कॉलेज की बात करें तो कांग्रेस ने 55 सालों में केवल 160 मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार ने यह संख्या 350 से पार पहुंचा दी है। उन्होंने कहा की विदेशों में नरेंद्र मोदी के लिए बिछने वाला रेड कारपेट केवल नरेंद्र मोदी का नहीं 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। आज मेक इन इंडिया से आत्मनिर्भर भारत की झलक दिखाई देती है। श्री नरेंद्र मोदी ने सिख धर्म और सिखी के लिए बहुत बेहतरीन काम किए हैं। सिख धर्म में नरेंद्र मोदी की अटूट श्रद्धा है जिसके फलीभूत ही करतारपुर कॉरिडोर और वीर बाल दिवस जैसे फैसले देश की जनता के सामने आए हैं। कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि देश में 55 से भी अधिक वर्षो तक शासन करने वाली कांग्रेस ने प्रत्येक काम को लटकाने और भटकाने तथा टुकड़ों में करने की आदत डाली । उन्होंने गंगानगर लोकसभा से भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी प्रियंका बैलान को अधिक से अधिक वोटो से विजयी बनाने का आह्वान किया।
सम्मेलन को जिलाध्यक्ष शरणपाल सिंह बीकानेर संभाग प्रभारी व किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी श्री यादे माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद राय टाक विधायक जयदीप बिहानी विधायक गुरवीर बराड़ ने भी संबोधित किया । सम्मेलन में प्रदेश कार्य समिति सदस्य महेंद्र सिंह सोढ़ी व जुगल डूमरा जिला महामंत्री प्रदीप धेरड़ सीताराम मौर्य श्याम धारीवाल जिला मीडिया प्रभारी श्रीचंद चौधरी तेज़दीप सिंह गगनदीप कौर करुणा चांडक संधू पृथ्वी पाल सिंह अशोक चांडक चेष्टा सरदाना सहित सैकड़ों की संख्या में भाजपा पदाधिकारी और प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे।
