- विभिन्न मार्गों से निकली गणगौर की भव्य सवारी
श्रीगंगानगर, श्रीगंगानगर राजपूत सभा द्वारा आज गणगौर महोत्सव एवं भव्य सवारी समारोह का आयोजन किया गया। सचिव प्रतापसिंह शेखावत एडवोकेट ने बताया कि राजपूत सभा भवन में गणगौर के अवसर पर लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया तथा शाम 5 बजे शहर के विभिन्न मार्गो से गणगौर की भव्य सवारी निकाली गई। गणगौर प्रतिमा का पारम्परिक वस्त्र-आभूषणों से श्रृंगार भी किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती विनीता आहुजा तथा विशिष्ट अतिथि भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष चेष्टा सरदाना, भाजयुमो राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य देवकिशन मारू, भारत विकास परिषद महिला प्रगति अध्यक्ष मंजू गर्ग, श्रीमती सविता आचार्य, श्रीमती रंजना सिंह, नीलम अग्रवाल, परिणति विश्वजीत सिंह राठौड़ आदि थे तथा सफल मंच संचालन नेहा राठौड़ व पूनम खेतान ने किया।
प्रताप सिंह शेखावत ने बताया कि इस कार्यक्रम में एकता मंच महिला शक्ति, भारत विकास परिषद महिला प्रगति एवं मैनादेवी संस्थान का सराहनीय सहयोग रहा। इस अवसर पर ‘गौर ऐ गणगौर माता..’, ‘खेलन दयो गणगौर भंवर म्हाने पूजन दयो..’ आदि अनेकों लोक संस्कृति के गीतों पर महिलाओं एवं युवतियों ने जमकर नृत्य किया और आनंद लिया।
इस कार्यक्रम में गणगौर पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता की गई, जिसमें 30 विजेता महिलाओं को पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम में 16 श्रृंगार करने पर मिस या मिसेज गणगौर का चुनाव करके पुरस्कार दिया गया। इसके साथ-साथ क प्रत्येक राजस्थानी व सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले प्रतिभागी को भी पुरस्कृत किया गया। प्रतिभागियों को आरती मोंटेसरी स्कूल, एनी बिसेंट पब्लिक स्कूल, मनोकामना स्टोर तथा कमला एजेंसीज के सौजन्य से पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में साफा बांधने की विशेष व्यवस्था भी की गई थी। राजपूत सभा द्वारा आयोजित इस गणगौर महोत्सव में राजपूत समाज व सर्व समाज के नागरिकों ने भाग लिया।
अरूट चौक व चहल चौक पर हुआ स्वागत :- गणगौर की भव्य सवारी का पार्षद प्रियंक भाटी व महेन्द्र ढुंढाड़ा के नेतृत्व मे स्वागत किया गया। भव्य सवारी पुष्प वर्षा की गई तथा ठण्डा, केला, संतरा वितरित किया गया। इस अवसर पर शहर के कई गणमाण्य नागरिक मौजूद रहे। शहर के विभिन्न मार्गों से निकलने पर गणगौर की भव्य सवारी का शहरवासियों ने दर्शन किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए राजपूत सभा द्वारा समस्त पदाधिकारियों, सदस्यों, सहयोगी संस्थाओं व श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया।
