श्रीगंगानगर, पुरानी आबादी स्थित सिद्धपीठ श्रीझांकी वाले बालाजी मंदिर में शुक्रवार को होली उत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम के तहत चार घण्टे तक लगातार होली के भजन के साथ भक्तों पर लगातार फूलों की वर्षा हुई। राधा- कृष्ण, सखियां बनी छात्राओं ने भजनों पर सुंदर नृत्य किया और श्रद्धालु इन भजनों पर खूब झूमे।
मंडल के मुख्य सेवादार प्रेम अग्रवाल ने बताया कि होली के कार्यक्रम के तहत पहले गणेश वंदना व नितनेम पूजा पाठ के बाद होली के भजन शुरू हो गए। भजन मंडल के मुख्य ट्रस्टी सुरेन्द्र सिंगल पुजारी ने राधे राधे बोल श्याम आएंगे... सुर छेड़ा तो उपस्थित भक्त झूम उठे। इसके बाद तो होली के भजनों का ऐसा क्रम चला कि चार घण्टे का समय कैसे बीत गया, पता ही नहीं चला। मंडल की सदस्य मानसी धींगड़ा, लविशा व नेहा ने राधा रानी की भूमिका निभाई, वहीं उमिशा सोनी ने कृष्ण की भूमिका निभाते हुए ऐसा सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया तो देखने वाले मंत्रमुग्ध हो गए। दक्ष, अंश व हर्ष ने गुजर की भूमिका निभाते हुए सभी को नाचने पर मजबूर कर दिया। रंग डार गयो नी मोपे सांवरा, मोपे दीनों है हरो रंग डार यशोदा तेरे लाला ने..., ऐसी होरी तोहे खिलाऊं दूध छठी को याद दिलाऊं... सहित ऐसे भजन सुनाए कि भक्तगण नाचते- झूमते रहे। इसी के साथ- साथ भक्तों पर फूलों व इत्र की वर्षा होती रही। इस कार्यक्रम में मंडल सदस्य मदनगोपाल अग्रवाल, बृजेश तलवार, सुमित सिंगल व अन्य सदस्यों न भी भजन प्रस्तुत किए। भजनों के बाद ठाकुर जी को गुलाल अर्पित कर भक्तों ने एक दूसरे के गुलाल लगाकर होली का आनद लिया।
कार्यक्रम के मुख्य यजमान नीरज मित्तल परिवार ने सभी आए हुए भक्तों का आभार जताया। मंडल प्रधान सुरेन्द्र चौधरी, संरक्षक सेठ शंकरलाल बजाज व अन्य वरिष्ठ सदस्यों ने सभी को होली की बधाई दी व व्यवस्था में सहयोग करने के लिए सभी सेवादारों का धन्यवाद ज्ञापित किया। बगीची की सजावट श्रीबालाजी दरबार शृंगार सेवा के गगन राजपाल व उनकी टीम के माध्यम से की गई और ठाकुर व राधा कृष्ण स्वरूप तैयार करने के लिए मंडल की वरिष्ठ सदस्य श्रीमती नीतू कालड़ा को भी बधाई दी। इस कार्यक्रम में गजसिंहपुर मंडी व अबोहर के सेवादार भी बसों में भरकर आए तथा होली का आनन्द लिया। होली उत्सव पूर्ण रूप से गरिमामयी रहा। इस कार्यक्रम के दौरान श्रीबालाजी बगीची में विशेष सुंदर सजावट की गई थी। महिला पुरुषों के बैठने की अलग- अलग व्यवस्था की गई थी। युवा टोलियों ने भी एक दूसरे के गुलाल लगाकर होली का आनन्द लिया। वहीं उपस्थित महिलाओं व युवतियों ने एक दूसरे के गुलाल लगाकर होली उत्सव मनाया। सिद्धपीठ श्रीझांकी वाले बालाजी भजन मंडल की ओर से भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया।
