Header Ads Widget


 

दीपावली महोत्सव में देश व समाज की खुशहाली के लिए रामदरबार के समक्ष रविवार को जलाया जाएगा दीपक

श्रीगंगानगर, भारतीय कला संस्कृति को समर्पित अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती शाखा श्रीगंगानगर इकाई तथा हिन्दुस्तान स्काउट्स व गाइड्स के संयुक्त तत्वाधान में ‘अन्धेरे से जंग-दीपक के संग’ दीपावली महोत्सव कार्यक्रम 23 अक्टूबर, रविवार को सांय 7.31 बजे रिद्धि-सिद्धि एन्कलेव स्थित तिकोना पार्क में हर्षोल्लासपूर्वक आयोजित किया गया है। कार्यक्रम संयोजक निर्मल जैन ने बताया कि इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रिद्धि-सिद्धि डायरेक्टर मुकेश शाह, कार्यक्रम अध्यक्ष उद्योगपति श्याम बगडिय़ा तथा विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ. महेश माहेश्वरी, वरिष्ठ समाजसेविका श्रीमती सुरूचि अग्रवाल, प्लाईवुड थोक विक्रेता संघ अध्यक्ष हरीश जसूजा, ब्लूमिंग डेल्स इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल कोषाध्यक्ष श्यामलाल जैन, अपना घर आश्रम अध्यक्ष राजेश जैन एवं स्पेंगल पब्ल्कि स्कूल डायरेक्टर नितिन अग्रवाल होंगे। इस कार्यक्रम में भगवान श्रीराम दरबार के समक्ष प्रत्येक व्यक्ति द्वारा एक दीपक प्रज्वलित किया जाएगा। देश व समाज की समृद्धि-खुशहाली के लिए श्री राम दरबार के समक्ष सैंकड़ों दीपकों से विभिन्न शुभ आकृतियां बनाई जाएगी। प्रसिद्ध गायक कलाकारों द्वारा भगवान श्रीराम के भजनों द्वारा सारा वातावरण राममय बनाया जाएगा।
संस्कार भारती के नगर अध्यक्ष सीए विजय अरोड़ा ने बताया कि इस मौके पर रामायण से सम्बन्धित प्रश्नों के माध्यम से प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम भी रहेगा एवं विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। संस्कार भारती के सचिव सुनील शर्मा ने बताया कि ‘पूजा थाली प्रतियोगिता’ में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में रजिस्ट्रेशन प्रविष्टि पूर्णतया नि:शुल्क है। हिन्दुस्तान स्काउट्स एण्ड गाइड्स के डी.ओ. संदीप मांझू ने इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले समस्त श्रद्धालुओं से पूजा की थाली साथ लाने का विशेष आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के समापन से पूर्व भगवान श्रीराम की महाआरती होगी, ताकि सभी श्रद्धालु महाआरती में सहभागी बन सकें। समस्त शहरवासियों से इस कार्यक्रम में सपरिवार अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर आलौकिक आनंद प्राप्त करने का आह्वान किया गया है।