श्रीगंगानगर, कांग्रेस के उम्मीदवार अंकुर मगलानी ने आज अपने विरोधियों पर कड़ा प्रहार किया। रेलवे लाइन पार की शास्त्री बस्ती में आज शाम चुनावी सभा को संबोधित करते अंकुर मगलानी ने कहा कि एक उम्मीदवार के परिवार का नशे का कारोबार है,तो दूसरा आपराधिक रिकॉर्ड वाला है। नगर परिषद पर 9 वर्ष से एक ही परिवार का कब्जा है। इस परिवार ने शहर का सत्यानाश कर दिया।नगर परिषद तो इस परिवार से संभाली नहीं गई ,पूरा विधानसभा क्षेत्र कैसे संभालेगा। इनका कारोबार उत्तर प्रदेश, बिहार और नई दिल्ली में है। चुनाव के बाद यह परिवार नजर नहीं आएगा। दूसरे विरोधी उम्मीदवार पर हमला करते हुए अंकुर मगलानी ने कहा कि इसका आपराधिक रिकॉर्ड किसी से छुपा हुआ नहीं है। हैरानी इस बात की है कि भाजपा ने इतने संगीन आपराधिक रिकार्ड के होते हुए भी उसे टिकट दे दी। अंकुर मगलानी ने कहा कि उनके परिवार ने हमेशा ही शहर की सेवा की है। समाज सेवा के अलावा उनको कुछ नहीं आता। राजनीति में भी वे इसी उद्देश्य से आए हैं। यह चुनाव जनता के पास एक शानदार मौका है,जिससे वह नगर परिषद में व्याप्त भ्रष्टाचार का खात्मा कर सकते हैं और मौकापरस्तों को करारा जवाब देकर घर में बैठा सकते हैं। देश भर में नशे के खिलाफ अलख जगा रहे रेबल सदानंदपति ने भी अपने ओजस्वी भाषण में कांग्रेस प्रत्याशी अंकुर मगलानी की खुलकर तारीफ की कि वे बाकी उम्मीदवारों की तुलना में बिल्कुल बेदाग छवि वाले और सीधे-साधे इंसान हैं। आज देश को ऐसे ही युवा और ऊर्जावान राजनीतिज्ञों की जरूरत है। अंकुर मगलानी विधानसभा में जाएंगे तो यहां के लोगों के सभी अधिकार सुरक्षित रहेंगे। युवा अवि वधवा ने जोशीला संबोधन देते हुए विरोधी उम्मीदवारों को खूब कटघरे में खड़ा किया। उनके चाल चरित्र की बखिया उधेड़ दीं। सभा की अध्यक्षता मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य योजना के एक लाभार्थी रामेश्वरलाल सोनी ने की। एडवोकेट बलराज पब्बी ने गहलोत सरकार द्वारा गरीबों सहित हर वर्ग के लोगों के लिए लागू की गई सभी जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी,वहीं दोबारा सरकार में आने पर 7 गारंटियों का विस्तारपूर्वक उल्लेख किया। सभा में पहुंचने पर शिवकुमार शिवा, हरिश्चंद्र जाखटिया,जयभगवान,श्यामलाल सोनी, रामेश्वरलाल सोनी, जोगेंद्रसिंह कंबोज, शास्त्री बस्ती विकास समिति कोषाध्यक्ष रमेश मोयल, हिम्मतसिंह भाटी, सेवानिवृत्ति शिक्षा अधिकारी सोहनलाल डागला, बसंतसिंह कुलचानिया, अश्विनी कुमार सोनी,मूलसिंह भाटी श्रीमती भूरादेवी सैनी,श्रीमती कमला देवी सोनी, श्रीमती निर्मला देवी जाखटिया पूर्व पार्षद तरुणिका शिवा, जिला उपभोक्ता संरक्षण अदालत की पूर्व सदस्य श्रीमती आशादेवी पब्बी आदि ने अंकुर मगलानी का जोरदार स्वागत किया। उनको केलों से तोलकर उनके प्रति समर्थन व्यक्त किया। मंच संचालन कांग्रेस के जिला संगठन महामंत्री श्यामलाल शेखावाटी, एडवोकेट बलराजसिंह पब्बी तथा पूर्व सरपंच किरण कुमार जग्गा ने किया। सभा के बाद अंकुर मगलानी ने शास्त्री बस्ती और इसके आसपास की कॉलोनियों में घर-घर जाकर जनसंपर्क किया।
