कांग्रेस का भाजपा पर तीखा हमला
राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा राजस्थान में विकास मॉडल बनेगा गेम चेंजर
श्रीगंगानगर, राजस्थान विधानसभा के चुनाव में भाजपा नेताओं के भाषणों में गिरते भाषा के स्तर को लेकर कांग्रेस ने आज कडा हमला बोला। श्रीगंगानगर में सूरतगढ़ रोड पर एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता चरणजीतसिंह सपरा ने गत दिवस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रदेश के राहुल गांधी को मूर्खों का सरदार कहने का कड़ा और करारा जवाब देते हुए कहा कि असली मूर्खों का सरदार वह है जिसने देश में बिना सोचे समझे नोटबंदी लागू की। आधी रात को जीएसटी लागू कर कारोबार तथा अर्थव्यवस्था को तबाही के कगार पर ला दिया। कोरोना काल में लोग मर रहे थे और मूर्खों का सरदार थाली बजवाने में लगा था। लोगों को सलाह दे रहा था कि वह गोबर का लेप करें और गोमूत्र का सेवन करें।
राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि इसी दौरान राजस्थान के भीलवाड़ा मॉडल की पूरे देश में चर्चा हो रही थी। उन्होंने कहा कि भाजपा का चुनाव घोषणा पत्र असल में लपेटूराम का लपेटू पत्र है। कांग्रेस द्वारा लोगों को महंगाई राहत शिविरों में दी गई महंगाई से राहत की सुविधाओं और दोबारा सरकार में आने पर घोषित सात गारंटियों में से अनेक की भाजपा ने नकल की है। बाकी में भी अकल का इस्तेमाल नहीं किया। भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र,जिसे वे संकल्प पत्र कहते हैं, सिवाए जुमलेबाजी के कुछ नहीं है। उन्होंने भाजपा पर दोगली नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान में चुनाव के समय लोगों को लॉलीपॉप देते हुए घोषणा कर दी की सरकार आने पर 450 रुपए में एलपीजी सिलेंडर देगी, जबकि डीजल-पेट्रोल और एलपीजी गैस के मूल्यों का नियंत्रण केंद्र सरकार के हाथ में ही होता है। भाजपा सरकार सिर्फ राजस्थान में ही क्यों,पूरे देश में 450 रुपए में सिलेंडर देकर और डीजल पेट्रोल की कीमतों में कमी लाकर देशवासियों को महंगाई से राहत क्यों नहीं देती। पेट्रोल डीजल आदि पेट्रोलियम पदार्थों को केंद्र सरकार जीएसटी के दायरे में क्यों नहीं लाती। राजस्थान में गहलोत सरकार एक करोड़ लोगों को 500 रुपए में सिलेंडर दे रही है।450 रुपए में सिलेंडर देने का वायदा भाजपा की जुमलेबाजी ही है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में अशोक गहलोत सरकार का विकास मॉडल इस बार के चुनाव में गेम चेंजर साबित होगा। इससे राज नहीं बल्कि रिवाज बदलेगा। 5-5 वर्ष शासन की परंपरा टूटेगी। मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य योजना तो सिग्नेचर कैंपेन साबित हो रही है। इस योजना की तरफ पूरा देश देख रहा है। लोगों को स्वास्थ्य का अधिकार देने के लिए अशोक गहलोत सरकार राइट टू हेल्थ अधिनियम लेकर आई। सरकारी कर्मचारियों को पेंशन की टैंशन से मुक्त करने के लिए ओल्ड पेंशन स्कीम(ओपीएस)को न केवल लागू किया बल्कि सत्ता में फिर से आने पर इसका एक्ट बनाने का वायदा भी किया है। उन्होंने कहा कि अशोक गहलोत सरकार ने 21 लाख किसानों का लगभग 14000 करोड़ का कर्ज माफ किया। किसानों की जमीन नीलाम होने से रोकने के लिए रोड़ा एक्ट में बदलाव किया गया।इससे संबंधित एक और विधेयक केंद्र सरकार को भेजा, जिस पर केंद्र सरकार ने अभी तक कोई जवाब नहीं दिया।कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आएगी। कांग्रेस ने जन कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से हर वर्ग को लाभान्वित किया है। उन्होंने कहा कि श्रीगंगानगर सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार अंकुर मिगलानी भारी मतों से जीतेंगे। राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी के साथ गद्दारी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इनके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। पार्टी विरोधी गतिविधियों में जो लिप्त हैं,उनकी जानकारी उम्मीदवारों द्वारा दी जा रही है। कुछ के खिलाफ कार्रवाई कर दी गई है। बाकी के विरुद्ध भी जल्दी ही अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों को पार्टी में अब किसी भी हालत में वापस नहीं लिया जाएगा। राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि सभी एकजुट होकर चुनाव प्रचार में लगे हैं।कांग्रेस न केवल राजस्थान में बल्कि मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आ रही है। पूरे देश में धीरे-धीरे भाजपा का सुपड़ा साफ होता जा रहा है। वार्ता में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं जिला प्रमुख कुलदीप इंदौरा, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा श्रीगंगानगर विधानसभा क्षेत्र के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक एवं पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव टहलसिंह संधू, प्रदेश महासचिव जिया उर रहमान, जिला उपाध्यक्ष भीमराज डाबी,जिला संगठन महामंत्री श्यामलाल शेखावटी और जिला प्रवक्ता अमित नागपाल भी उपस्थित रहे।

.webp)