जल निकासी, सिंचाई पानी,इंटरनेशनल स्पोर्ट्स एकेडमी कम्युनिटी सेंटर और सरकारी यूनिवर्सिटी का वायदा
श्रीगंगानगर 23 नवंबर। कांग्रेस के उम्मीदवार अंकुर मगलानी ने श्रीगंगानगर विधानसभा क्षेत्र के लिए अपना सात गारंटी वाला विजन आज घोषित किया। उन्होंने कहा कि वह सदा आमजन के बीच रहकर उनके मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और हमेशा जनता को उपलब्ध रहने की गारंटी देते हैं।नशा,सट्टा, तस्करी सहित अन्य गैरकानूनी गतिविधियों से पूर्ण मुक्ति दिलाने की भी वे गारंटी दे रहे हैं। अन्नदाता किसानों को फसल के लिए पर्याप्त सिंचाई सुविधा, उर्वरक, खाद-बीज और अन्य सभी सरकारी सुविधाएं दिलाने की भी उनकी गारंटी रहेगी। विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड पंचायत ढाणी में सड़क सहित सभी तरह की मूलभूत सुविधाओं को ईमानदारी और गुणवत्तापूर्ण निर्माण की भी वे गारंटी दे रहे हैं। शहर में औद्योगिक कॉरिडोर की स्थापना, स्वरोजगार तथा लघु उद्योग से इस इलाके का उत्थान करवाने की भी उनकी गारंटी है। सरकारी स्कूल, कॉलेज, हॉस्पिटल, डिस्पेंसरी और पंचायत में सभी स्वीकृत पदों पर कर्मचारियों को नियुक्त करवाना भी उनकी गारंटियों में शामिल है। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए सिटी ट्रांसपोर्ट को शुरू करवाने की भी अंकुर मगलानी ने गारंटी दी है। कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि सरकार के सहयोग से श्रीगंगानगर में बरसाती पानी की समस्या से निजात दिलाना, किसानों को फसल मुआवजा राशि दिलाना, पूर्वांचलवासियों के लिए छठ धाम की स्थापना, अंतरराष्ट्रीय स्तर की स्पोर्ट्स एकेडमी सर्वसमाज कम्युनिटी सेंटर और सरकारी यूनिवर्सिटी के लिए भी वे पूरी ईमानदारी से प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बीते 5 वर्ष में स्वास्थ्य,शिक्षा, कृषि, गरीब कल्याण, इंफ्रास्ट्रक्चर रोजगार तथा व्यापार जगत सहित अन्य क्षेत्रों में अनेक अभूतपूर्व कार्य किए हैं, जिनकी विदेशों में भी सराहना हो रही है।कांग्रेस की सरकार ने कैंप लगाकर लोगों को 10 प्रकार की राहतें दी हैं। दोबारा सरकार में आने पर सात नई गारंटियां दी हैं और जन घोषणा पत्र में भी अनेक सुविधाओं को लागू करने के वायदे किए हैं। उन्होंने याद दिलाया है कि लोग वोट डालते 25 लाख रुपए तक का नि:शुल्क इलाज की सुविधा देने वाली मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य योजना, कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन स्कीम(ओपीएस)गरीब परिवारों के लिए रियायती दर 500 रुपए में गैस सिलेंडर, राशन किट और सभी वर्गों के लोगों के लिए 100 यूनिट नि:शुल्क बिजली सहित तमाम जनकल्याणकारी योजनाओं को जेहन में रखें।इन सब के साथ श्री मगलानी ने श्रीगंगानगर विधानसभा क्षेत्र के लिए अपनी तरफ से लोगों को सात प्रकार की गारंटियां देकर इलाके के सर्वांगीण विकास का वायदा किया है। उन्होंने कांग्रेस जनों से आह्वान किया है कि वे उनका विजन दस्तावेज लोगों के घरों तक पहुंचाएं। साथ ही जनता से अपील की है कि अब वक्त आ गया है, उनके निर्णय लेने का। कांग्रेस का हाथ सभी के साथ है।
