पुरानी आबादी के श्री कृष्णा मंदिर चौक में कांग्रेस प्रत्याशी मगलानी के समर्थन में विशाल सभा का आयोजन
श्रीगंगानगर, पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजा वडिंग ने कहा है कि राजस्थान को समृद्ध और खुशहाल बनाने में अशोक गहलोत सरकार ने सोन चिड़िया पंजाब को भी पीछे छोड़ दिया है। पंजाब को बहुत ही खुशहाल, आर्थिक रूप से समृद्ध और खेती के लिए सोने की चिड़िया कहा जाता है। कल रात पुरानी आबादी में श्री कृष्ण मंदिर चौक में कांग्रेस प्रत्याशी अंकुर मगलानी के समर्थन में आयोजित विशाल जनसभा को राजा वडिंग संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पंजाब में किसी भी दल की सरकार रही हो, कैंसर जैसी लाइलाज बीमारी से ग्रसित व्यक्तियों को डेढ़ लाख रुपए तक की ही इलाज सुविधा मिलती है। राजस्थान में प्रगतिशील सोच के धनी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने चिरंजीवी स्वास्थ्य योजना लाकर अपने राज्य में स्वास्थ्य-क्रान्ति ला दी है। इस योजना के तहत सिर्फ 800 रुपए प्रीमियम देकर 25 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा हासिल कर लोग हर प्रकार बीमारियों का नि:शुल्क इलाज करवा रहे हैं। गहलोत सरकार ने दोबारा सत्ता में आने पर यह बीमा राशि बढ़ाकर 50 लाख रुपए करने का वायदा किया है। राजा वडिंग ने कहा कि इस स्वास्थ्य योजना सहित गहलोत सरकार ने एक से बढ़कर एक नायाब जनकल्याणकारी योजनाएं दी हैं, जिससे पंजाब के लोग बहुत ही आकर्षित हो रहे हैं। बहुत से पंजाबवासी अपने वोट कटवा कर राजस्थान में आकर बस रहे हैं ताकि वे चिरंजीवी स्वास्थ्य योजना, सौ यूनिट नि:शुल्क बिजली, महिलाओं को स्मार्टफोन, छात्रों को साइकिल और स्कूटियां, कॉलेज स्टूडेंट्स को नि:शुल्क टैबलेट या लैपटॉप और छोटे बच्चों को सरकारी इंग्लिश मीडियम स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा दिला सकें। राजा वडिंग ने कहा कि उन्हें कतई नहीं लगता कि इन योजनाओं से लाभान्वित, आकर्षित तथा प्रभावित लोग राजस्थान में कांग्रेस की सरकार फिर से नहीं लाना चाहेंगे। मंच पर उपस्थित विधायक राजकुमार गौड द्वारा इस बार के चुनाव में किए गए त्याग की खुली प्रशंसा करते हुए राजा वडिंग ने कहा कि श्री गौड सही मायने में जननेता हैं। विधायक या सांसद चुना जाना और मंत्री बनना आसान है, लेकिन आज के दौर में जन नेता बनना बहुत ही मुश्किल है।कांग्रेस द्वारा इस बार टिकट नहीं देने पर कोई गिला-शिकवा और मनभेद-मतभेद के बिना राजकुमार गौड पार्टी प्रत्याशी अंकुर मगलानी को विधायक निर्वाचित करवाने के लिए लगे हैं, ऐसी मिसाल आज के राजनीतिक दौर में देखने को नहीं मिलती।
विकास कार्यों की झड़ी लगा दी
विधायक राजकुमार गौड ने इस विशाल जनसभा में उपस्थित सैकड़ो लोगों के समक्ष बीते 5 वर्षों के दौरान उनके द्वारा श्रीगंगानगर विधानसभा क्षेत्र में करवाए गए विकास कार्यों की बताते हुए झड़ी लगा दी। उन्होंने मेडिकल कॉलेज,नर्सिंग कॉलेज, कृषि महाविद्यालय,गौतमबुद्धनगर आवासीय योजना, लव कुश वाटिका, पुरानी आबादी में राजकीय औषधालय,देवनगर और आजादनगर के लोगों के लिए रेलवे अंडरपास, समूचे शहरी और ग्रामीण इलाकों में 250 करोड़ की लागत से सड़कों के निर्माण तथा 123 करोड़ की लागत से नए कोर्ट परिसर के निर्माण सहित अनेक विकास कार्यों का उल्लेख किया।श्री गौड ने गत दिवस पुरानी आबादी में ताराचंद वाटिका के समीप चुनावी सभा को संबोधित करने आई पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर तंज कसा कि वे अपने 5 वर्ष के शासन में श्रीगंगानगर में करवाए गए पांच कार्यों का उल्लेख तक नहीं कर पाईं। श्री गौड ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में करवाये तमाम कार्यों का पाई-पाई का हिसाब देते हुए बाकायदा पूरी किताब प्रकाशित करवाई है, जो लोगों तक पहुंचाई गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा श्रीगंगानगर की जनता को जवाब दे कि उनके शासनकाल में मेडिकल कॉलेज का निर्माण क्यों नहीं शुरू करवाया गया? उन्होंने अंकुर मगलानी को भारी मतों से जीत दिलाने की पुरज़ोर अपील की।
कांग्रेस की योजनाएं ही स्टार प्रचारक
कांग्रेस प्रत्याशी अंकुर मगलानी ने कहा कि विरोधी उम्मीदवारों को चुनाव प्रचार के लिए स्टार प्रचारकों की जरूरत पड़ रही है जबकि कांग्रेस के लिए उसकी जनकल्याणकारी योजनाएं तथा घोषणा पत्र ही स्टार प्रचारक हैं। लोग एक बार इन जनकल्याणकारी योजनाओं तथा कांग्रेस के जन घोषणा पत्र पर दृष्टिपात कर लें कि उनको कांग्रेस सरकार ने क्या-क्या दिया है और क्या-क्या आगे देने जा रही है। इसके बाद उन्हें किसी दूसरे राजनीतिक दल या फिर निर्दलीय उम्मीदवार की तरफ देखने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। लोग अपने जेहन में गहलोत सरकार द्वारा उनके कल्याण के लिए किये जा रहे कार्यों को देखकर ही 25 नवंबर को वोट देकर इसका आभार जताएं और फिर से कांग्रेस की सरकार बनाएं। उन्होंने क्षेत्र के लिए भावी योजनाओं का विजन भी प्रस्तुत किया। श्री मगलानी ने कहा कि शहर में जल निकासी व्यवस्था को जहां पुख्ता किया जाएगा, वही रोजगार अवसर को बढ़ाने के लिए नया औद्योगिक क्षेत्र बनाया जाएगा। इससे श्रीगंगानगर की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
स्वच्छ छवि, कोई दाग नहीं
अखिल भारतीय कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती परमिंदर कौर ने कहा कि कांग्रेस ने श्रीगंगानगर के लोगों को बेदाग और स्वच्छ छवि वाला उम्मीदवार अंकुर मगलानी दिया है। अब लोगों का फर्ज है कि वे ऐसी छवि वाले विधायक को चुनकर विधानसभा में भेजें। उनको कभी कोई शिकायत का मौका नहीं मिलेगा। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव टहलसिंह संधू,किसान कांग्रेस के नेशनल को-ऑर्डिनेटर सतपालसिंह सिद्धू ने भी विचार व्यक्त किया। राजस्थान पंजाबी महासभा के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र राजपाल ने कहा कि यह चुनाव अरोड़ा बिरादरी के वजूद का सवाल है।इस बार बिरादरी का वोट बिरादरी के उम्मीदवार के पक्ष में पड़ेगा तो बिरादरी के हित सुरक्षित हाथों में रहेंगे। पार्षद प्रेम नायक ने कहा कि अंकुर मगलानी को सर्व समाज का समर्थन मिल रहा है।कांग्रेस सभी 36 कौमों को साथ लेकर चलती है। सभी कौमें उन के साथ आ गई है। श्री मगलानी की अपनी बिरादरी भी अब एकजुट हो जाये और डट कर अंकुर मगलानी का साथ दे। पूर्व पार्षद जगदीश झोरड़ ने कहा कि श्री कृष्ण मंदिर इलाके से हमेशा ही कांग्रेस का पार्षद निर्वाचित होता रहा है। यह कांग्रेस का गढ़ है, जिसे आज तक कोई भी भेद नहीं पाया। इस बार भी सभी एकजुट होकर कांग्रेस को ही वोट करेंगे। पार्षद कृष्ण सिहाग, महिला कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री कमला बिश्नोई, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नमिता सेठी, नशे के खिलाफ अभियान चला रहे रेबेल श्रद्धानंदपति, पूर्व सरपंच किरण कुमार जग्गा ने भी विचार व्यक्त किये। इस सभा के दौरान पूरा चौक लोगों से खचाखच भरा रहा, जिसमें महिलाओं की भी काफी संख्या रही। सभा में अंकुर मगलानी के पहुंचने पर लोगों ने बड़े उत्साह से स्वागत करते उन्हें मालाओं से लाद दिया। मंच संचालन कृष्ण सिहाग ने किया।
