- सुदामा नगर स्थित श्री खाटु श्याम धाम मन्दिर में बहेगी श्याम नाम की गंगा
- प्रतिदिन प्रात: 7.00 से 8.30 बजे तक ‘ऊँ श्री श्याम देवाय नम:’ महामंत्र का होगा जाप
श्रीगंगानगर: सुदामा नगर स्थित श्री खाटु श्याम धाम मन्दिर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी बाबा श्याम का सतरंगी फाल्गुन मेला बड़ी धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ श्रद्धापूर्वक मनाया जा रहा है। 16 मार्च 2024, शनिवार को शुरू होने वाले फाल्गुन मेले का समापन 21 मार्च, बारस वार बृहस्पतिवार को होगा।
मुख्य सेवादार संदीप शेरेवाला ने बताया कि फाल्गुन मेले की शुरूआत 16 मार्च, शनिवार को प्रात: 9.15 बजे एक विशाल ध्वजा (निशान) यात्रा से होगी। विशाल ध्वजा (निशान) यात्रा गीता भवन से प्रारम्भ होकर शहर के मुख्य-मुख्य मार्गों से होती हुई मन्दिर प्रांगण पहुंचेगी। इस ध्वजा यात्रा का रास्ते में शहर के विभिन्न श्याम मण्डलों, सामाजिक संस्थाओं एवं अन्य श्याम प्रेमियों द्वारा स्वागत एवं जलपान का आयोजन भी किया गया है। मन्दिर प्रांगण में ध्वजा यात्रा पहुंचने के बाद सभी श्याम प्रेमियों को प्रेमपूर्वक भोजन भी करवाया जायेगा। रात्रि जागरण 9.15 बजे से प्रारम्भ होगा, जिसमें शहर के मुख्य भजन प्रवाहक अपने भजनों के माध्यम से बाबा को रिझांएगें।
17 मार्च, रविवार को दोपहर 2.15 बजे से सांय 6.30 बजे तक फूलों की होली संग भजन कार्यक्रम होगा, जिसमें सिमरन अरोड़़ा व चेतना किशोरी आदि भजन प्रवाहक भक्ति रस से सरोबार करेंगे। श्री श्याम कला आर्ट ग्रुप द्वारा आकर्षक संचेतन झांकियां भी प्रस्तुत की जाएगी। इस अवसर पर बाबा के संग फूलो की होली खेली जाएगी एवं श्याम भक्तों पर इत्र वर्षा भी की जाएगी। तत्पश्चात् कड़ी-खिचड़े का भोग लगाकर श्याम बाबा को भोग लगाकर भक्तों में वितरित किया जाएगा। इसी दिन रात्रि 9.15 बजे से श्याम प्रभु का जागरण प्रभु इच्छा तक होगा, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायिका तुलसी गोयल (अबोहर) एवं श्याम प्रेमियों द्वारा सुरीली आवाज में श्याम भक्तों को भक्ति रस से ओत-प्रोत किया जाएगा।
18 मार्च, सोमवार को दोपहर 2.15 से 6.30 बजे तक मन्दिर प्रांगण में मोरवीनन्दन ध्वजा संघ पुरानी आबादी द्वारा श्रीश्याम अखण्ड ज्योति पाठ किया जाएगा। इसी दिन रात्रि 9.15 बजे से अमित शेरेवाला (सूरत) द्वारा श्याम बाबा की महिमा का गुणगान किया जाएगा।
इसी कड़ी में 19 मार्च, मंगलवार को दोपहर 3.30 से सायं 6.30 बजे तक सुन्दरकाण्ड महापाठ के.के. शर्मा, विशाल सोडा, दिपांशु शर्मा, राजन अदि द्वारा किया जाएगा। तत्पश्चात् रात्रि 9.15 से विशाल भजन संध्या प्रारम्भ होगी, जिसमें नितिश भारद्वाज (मुम्बई) सहित शहर के प्रमुख भजन गायकों द्वारा भजन गंगा प्रवाहित की जाएगी।
20 मार्च सुदी ग्यारस, बुधवार को प्रात: 7.00 बजे से लगातार 17 घंटे श्रीश्याम अखण्ड कीर्तन संजय मित्तल, हनी बवेजा, सोनू कामरा आदि श्याम भक्तों द्वारा किया जाएगा। इसी दिन रात्रि 9.15 बजे बाबा श्याम का विशाल जागरण भी श्याम परिवार मण्डल द्वारा किया जाएगा। श्याम परिवार मण्डल के धीरज जैन, रोहित शेरेवाला अपनी मधुर वाणी से बाबा श्याम का संकीर्तन करेंगे।
21 मार्च, बारस वार बृहस्पतिवार को प्रात: 8.30 बजे से खीर-चूरमे की सवामणियों का भोग लगाकर श्याम प्रेमियों में बांटा जाएगा। बारस के दिन अनेकों श्याम प्रेमी रंग-बिरंगी ध्वजाएं लेकर बाबा को चढ़ाते हैं तथा पेट पलानीये करते हुए श्याम भक्त मन्दिर में ढोल-नगाड़ों, रंग एवं गुलाल लेकर बाबा को मनाकर अपनी मन्नतें मांगते हैं। 21 मार्च, बृहस्पतिवार रात्रि जागरण श्रीश्याम पैदल यात्रा प्रबन्ध समिति द्वारा किया जाएगा। समिति सदस्य राजेश कापडिय़ा, मोहनलाल गर्ग, पवन अग्रवाल सहित श्याम प्रेमी अपने भजनों से श्याम बाबा को रिझायेंगे। इस पूरे मेले के दौरान मन्दिर प्रांगण को विभिन्न प्रकार की लाईटों, गुब्बारों, फूलों तथा रंग-बिरंगी चुन्नियों से सजाया गया है। प्रतिदिन बाबा का भव्य श्रृंगार कलकत्ता से विशेष रूप से आए फूलों से किया जाएगा। फाल्गुनी मेले के अन्तर्गत 16 मार्च से 21 मार्च तक प्रतिदिन प्रात: 7.00 से 8.30 बजे तक ‘ऊँ श्री श्याम देवाय नम:’ महामंत्र का जाप श्याम भक्तों द्वारा किया जाएगा।
सतरंगी फाल्गुन मेले कार्यक्रम की सम्पूर्ण जानकारी देने के लिए सुदामा नगर स्थित श्री खाटु श्याम धाम में प्रेस-कान्फ्रैंस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संदीप शेरेवाला, रोहित शेरेवाला, राजकुमार जैन, सौरभ जैन, लवली गोयल, चंचल सोनी, मोन्टी गणेशगढिय़ा, अभिनव मल्होत्रा, संजय मित्तल, केके शर्मा, फूलचंद यादव, जसवंत सोडा, पंकज शर्मा, राजेश, ऋतिक, अनिल, शेंकी उपनेजा, इन्दु मल्होत्रा, मंजू बंसल, सुनीता दुबे, सुमन अग्रवाल, सुमन जिंदल, अनु, रीना सिंगल, अर्चना शर्मा, ललिता शर्मा, मोनिका, पल्लवी मित्तल, नीरू, मीनू अरोड़ा सहित अनेक श्याम प्रेमी उपस्थित थे।
