- वर्तमान समय में भगत सिंह के विचार प्रासंगिक
भगत सिंह, शहीद राजगुरु तथा शहीद सुखदेव के शहीद दिवस पर सीटू द्वारा जिलेभर में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में सीटू द्वारा केसरीसिंहपुर में भगत सिंह चौक पर शहीद दिवस मनाया गया तथा शहीद-ए-आजम भगत सिंह, शहीद राजगुरु तथा शहीद सुखदेव को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सीटू जिला सचिव का. जगसीर सिंह भट्टी ने वर्तमान समय में भगत सिंह के विचारों को प्रासंगिक बताया। उन्होंने देश की आजादी में महान क्रांतिकारी शहीद भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव के योगदान का वर्णन करते हुए कहा कि 23 मार्च, 1931 को आजादी के इन दीवानों को ब्रिटेन की साम्राज्यवादी सरकार ने फांसी पर लटका दिया उनके तथा उनके जैसे हजारों शहीदों के बलिदान से भारत को आजादी मिली। लेकिन आज भी इन शहीदों के सपनों का भारत नहीं बन पाया तथा आज भी करोड़ों लोग अपनी मूलभूत जरूरतें भी पूरी नहीं कर पा रहे हैं। मजदूर-किसान, विद्यार्थी, कर्मचारी, छोटे दुकानदार निरंतर शोषण के शिकार होकर बेहाल है और दूसरी तरफ मुट्ठीभर लोग सारे संसाधनों पर कब्जा करते जा रहे हैं।
आज केन्द्र सरकार द्वारा तानाशाही रवैया अपनाते हुए शहीद-ए-आजम भगत सिंह जैसे अनेकों नौजवान क्रांतिकारियों की कुर्बानियों से मिली आजादी तथा देश के लोकतंत्र व संविधान को खत्म किया जा रहा है। इसे बचाने का दायित्व देश के नौजवानों पर है। सबसे युवा नौजवान देश आज सबसे बड़ा बेरोजगार देश बन गया है। बेरोजगार नौजवान युवा आंदोलन करता है, सरकारों की लाठियां खाता है, दमन सहता है तथा आखिरकार एक दिन दमन से हताश होकर भाग्य भरोसे बैठे जाता है। देश के नौजवानों को शहीद-ए-आजम भगत सिंह को पढ़ना चाहिए तथा समझना चाहिए कि किस प्रकार अंग्रेजी हुकूमत के दो काले कानून ट्रेड यूनियन डिस्प्यूट बिल और पब्लिक सेफ्टी बिल के खिलाफ संसद में बम धमाका कर अंग्रेजों शासन की चूलें हिला दी थी तथा क्रांतिकारी आंदोलन से अंग्रेजी हुकूमत को झुकाकर देश को आजादी दिलाई। इसी प्रकार आज एक बार फिर देश, संविधान, लोकतंत्र तथा देश के नौजवान, किसान व मजदूर को बचाने के लिए नौजवान युवाओं को भगतसिंह की भांति सडक़ों पर आना चाहिए।
वक्ताओं ने कहा कि आज के दौर में शोषण, अन्याय तथा दमन के खिलाफ आवाज़ बुलंद कर एवं भगतसिंह के सपनों व विचारों के भारत का निर्माण कर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है। श्रमिकों ने शहीदों के सम्मान में जोशीले नारे लगाकर सरकारों की श्रमिक विरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सीटू जिला सचिव का. जगसीर सिंह भट्टी, एफसीआई लेबर यूनियन प्रधान का. राजू मेहरा, का. भूषण कुमार, का. राज सिंह, का. काला सिंह, का. लखविंदर सिंह, का. महेंद्र सिंह सहित सीटू से जुड़े अनेक श्रमिक उपस्थित थे।
कल्याण युवा संघ, श्रीगंगानगर द्वारा शहीद भगत सिंह, राजगुरू, सुखदेव के शहीदी दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि दी, संघ द्वारा आजादी पर प्रकाश डाला गया व शहीद भगत सिंह, राजगुरू, सुखदेव देश की आजादी में योगदान को किया याद किया गया। संघ के सदस्यो ने शहीदों को नमन कर उनकी मूर्ती माला पहनाई। कल्याण युवा संघ द्वारा युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। अध्यक्ष गुरजन्ट सिंह, बिट्टू प्रधान, परमजीत गिल, बन्टी, सन्नी अनिरूध यादव, सचिव दीपक कुमार आदि लोग शामिल रहे।
शहीद दिवस पर शनिवार को शहर के जागरूक नागरिकों द्वारा विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। डी ब्लॉक स्थित सिख वर्ल्ड म्यूजिक अकादमी पर हुए इस कार्यक्रम में सर्वप्रथम शहीद-ए-आजम भगत सिंह, शहीद सुखदेव व शहीद राजगुरु की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने शहीदों के जीवन पर प्रकाश डाला तथा कहा कि शहीद-ए-आजम भगत सिंह, शहीद सुखदेव व शहीद राजगुरु का जीवन हमें देश के लिए सर्वस्व न्योछावर करने का संदेश देता है। शहीदों का जीवन हम सबके लिए प्रेरणास्रोत है तथा उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही राष्ट्र का सर्वांगीण उत्थान सम्भव है। सभी ने ‘शहीद-ए-आजम भगत सिंह, शहीद सुखदेव व शहीद राजगुरु अमर रहे’ तथा ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारों से सारा वातावरण गुंजायमान कर दिया। इस अवसर पर सिख वर्ल्ड म्यूजिक अकादमी के डायरेक्टर सिमरजीत सिंह, रजनेश बहल, एडवोकेट संजीव सैनी, बोबी पहलवान, सलीम अली चोपदार, साधु, विकास काठपाल, प्रेम कुमार, बाबूलाल कुमावत सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति सदस्यों ने फूलों से खेली होली
- शहीद दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की
श्रीगंगानगर, : वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति, श्रीगंगानगर द्वारा शनिवार को एल ब्लॉक स्थित हनुमान मन्दिर में होली स्नेह मिलन कार्यक्रम हर्षोल्लासपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बलदेव कृष्ण नागपाल, विशिष्ट अतिथि प्रो. पी.सी. आचार्य, डॉ. ओ.पी. गोयल, सतपाल चराया, मदनलाल जोशी, एम.एल. जैन, जगीरचंद फरमा, इंजी. बलजीत राणा, रमेश ठकराल, कुन्दनलाल मिड्ढा व मनीराम सेतिया थे तथा अध्यक्षता सूरजभान सरदाना ने की।
सचिव डॉ. सी.एल. गोरखा ने बताया कि सर्वप्रथम राम-नाम का जाप कर होली पर्व की सबको शुभकामनाएं दी गई। प्रो. पी.सी. आचार्य ने होली पर्व पर सारगर्भित विचार व्यक्त किए। सुरजन सिंह रंगीला ने पंजाबी गीत द्वारा होली की बधाई दी। डॉ. ओ.पी. गोयल ने होली के महत्व पर प्रकाश डाला। चांद खुराना ने होली पर विशेष हास्य कविता सुनाकर खूब तालियां बटोरी। मनीराम सेतिया ने कविता द्वारा होली प्रेमपूर्वक मिल-जुलकर मनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मदनलाल जोशी, मदन अरोड़ा, सतपाल चराया, एम.एल. जैन, अशोक किंगर, रमेश सिंगल, इन्द्रजीत चौधरी, इंजी. बलजीत सिंह राणा, केवल बवेजा ने होली के आध्यात्मिक महत्व की जानकारी दी।
इस अवसर पर कुन्दनलाल मिड्ढा, पी.सी. गर्ग, पुरुषोत्तम नागपाल, विजय कुमार अरोड़ा, इन्द्रभूषण चावला, मिलखराज नागपाल, परमानंद छाबड़ा, रमेश ठकराल, सुरजीत ग्रेवाल, रजनीश नागपाल, मांगूराम जसूजा, डॉ. सी.एल. गोरखा आदि पदाधिकारियों व सदस्यों ने जल बचत का नारा देते हुए उत्साहपूर्वक फूलों की होली खेली। कार्यक्रम के दौरान निर्णय लिया गया कि समिति की प्रत्येक दो माह में एक बैठक आवश्यक रूप से आयोजित की जाएगी। अध्यक्ष सूरजभान सरदाना ने कहा कि होली खुशियों का त्यौहार है तथा मिल-जुलकर मनाने से आपसी प्रेम व भाईचारे की भावना प्रगाढ़ होती है। संरक्षक बलदेव कृष्ण नागपाल ने सफल आयोजन के लिए सबका आभार व्यक्त किया। मंच संचालन मनीराम सेतिया ने किया।
कार्यक्रम के अन्त में शहीद दिवस पर देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले महान क्रांतिकारी शहीद-ए-आजम भगत सिंह, शहीद सुखदेव व शहीद राजगुरु को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति, श्रीगंगानगर पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।
सीटू तथा माकपा ने शहीद दिवस पर भगत सिंह, राजगुरु तथा सुखदेव को याद कर दी श्रद्धांजलि
- भगत सिंह आज के दौर की आवश्यकता है, उनके विचारों पर चलकर वर्तमान हालातों से किया जा सकता है मुकाबला
श्रीगंगानगर, 23 मार्च 2024: भारतीय ट्रेड यूनियन (सीटू) तथा मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) द्वारा 23 मार्च, शनिवार को शहीद दिवस पर भगत सिंह चौक पर आयोजित कार्यक्रम में शहीद-ए-आजम भगत सिंह, शहीद सुखदेव व शहीद राजगुरु को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री का. वी.ए. राणा ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह, शहीद सुखदेव व शहीद राजगुरु के प्रेरणादायक जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 23 मार्च, 1931 को लाहौर की सेंट्रल जेल में तीनों क्रांतिकारियों को अंग्रेजी हुकूमत द्वारा फांसी दी गई थी। असल में भगत सिंह भारत की आजादी के मुख्य स्तंभ हैं, जिन्होंने हसरत मोहानी के लिखे नारे ‘इंकलाब जिंदाबाद’ को अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ हथियार बना दिया। आज भी दमन और शोषण के खिलाफ इंकलाब जिंदाबाद के नारे को बुलंद किया जाता है, जिससे शोषणकारी व्यवस्था सत्ता की चूलें हिल जाती हैं। आज जब हम 23 मार्च, 2024 को शहीद-ए-आजम भगत सिंह को श्रद्धांजलि दे रहे हैं, तब इस दौर में भारत की सत्ता में बैठी हुकुमत का दमन शोषण अंग्रेजी हुकूमत से भी क्रुर व भयानक है। उस समय जो आजादी आंदोलन में अंग्रेजी हुकूमत के पक्षधर थे, वो आज देश के सबसे बड़े राष्ट्रवादी और देशभक्त बने हुए हैं। आज दुनिया का सबसे बड़ा युवा देश भारत है, लेकिन युवाओं का भविष्य दलदल में धंसता चला जा रहा है। इसका मुख्य कारण देश की सत्ता है, जिस युवा नौजवान को आज भगतसिंह को पढ़ कर उनकी विचारधारा को समझ कर देश की प्रगति में अपना योगदान देना चाहिए, उस नौजवान को देश की सत्ता ने जाति-धर्म में फंसा कर बांट दिया है। यह स्थिति देश तथा स्वस्थ लोकतंत्र के लिए अत्यंत घातक है।
खेत मजदूर यूनियन राज्य उपाध्यक्ष का. दुर्गा स्वामी, सीटू विधि सलाहकार का. कामरेड भूरामल स्वामी, सीटू जिलाध्यक्ष का. मोहनलाल, जिला महामंत्री का. हरकेवल दीप सिंह, जिला उपाध्यक्ष का. साधुराम आदि वक्ताओं ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में इलेक्ट्रॉल बॉन्ड तथा ईवीएम के जरिये भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। देश की जनता के साथ भाजपा द्वारा विश्वासघात किया गया है। जिन-जिन नेताओं से डर लगता है, उनका तानाशाही रवैया अपनाते हुए जेल में ठूंस दिया गया है। धर्म के नाम पर लोगों की भावनाओं का नाजायज फायदा उठकर भाजपा येन-केन-प्रकरेण सत्ता में रहना चाहती है। सरकार का मुख्य मुद्दा बेरोजगारी, भुखमरी खत्म करना नहीं है, बल्कि धर्म के नाम पर देश को बांटना है। कुछ पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए किसान, खेत-मजदूर तथा मेहनतकश का शोषण करने वाली नीतियां लागू की जा रही है, जिसका डटकर मुकाबला करते हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराकर देश बचाया जाएगा।
इस मौके पर का. साधुराम, का. चुन्नीलाल, का. कृष्ण कुमार इंदौरा, का. ऋषिपाल सिंह मास्टर सहित सीटू तथा माकपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने शहीद-ए- आजम भगत सिंह जिंदाबाद, शहीद सुखदेव व शहीद राजगुरु जिंदाबाद के नारों से सारा वातावरण गुंजायमान कर दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भारतीय ट्रेड यूनियन (सीटू) तथा मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तथा श्रमिक उपस्थित थे।
