Header Ads Widget


 

इलेक्ट्रोल बॉन्ड भ्रष्टाचार मामले में मोदी सरकार को बचाने के खिलाफ कांग्रेस का एसबीआई पर प्रदर्शन


श्रीगंगानगर, इलेक्ट्रोल बांड भ्रष्टाचार मामले में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार का सुप्रीम कोर्ट में बचाव करने को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने आज स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया (एसबीआई) की स्थानीय ई- ब्लॉक शाखा के समक्ष प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार किए इस प्रदर्शन की अगुवाई जिलाध्यक्ष अंकुर मगलानी ने की।प्रदर्शन में महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष कमला बिश्नोई, वीना इंदौरा, वरिष्ठ नेता धर्मपाल झोरड़,सुरेंद्र पारीक, प्रेम नायक, श्याम पुनियानी, पवन गौतम, डॉ. बलदेव बवेजा, एडवोकेट अरविंदरसिंह गिल, मनोज भिड़ासरा, कार्तिक छाबड़ा,हिमांशु सिसोदिया, मोहम्मद शरीफ, प्रेम भाटिया और  सेवादल कांग्रेस के अजय चड्ढा आदि बड़ी संख्या में कांग्रेस जन शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अंकुर मगलानी ने एसबीआई बैंक प्रबंधन की नियत पर बड़ा सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि एसबीआई द्वारा आम ग्राहकों को उनके लेनदेन अथवा ट्रांजैक्शन की जानकारी तुरंत ही उनके मोबाइल फोन पर दी जाती है।
 बैंक ग्राहकों को खातों की स्टेटमेंट भी तत्काल दे देता है तो इलेक्ट्रोल बांड के मामले में सुप्रीम कोर्ट को खातों की जानकारी देने के लिए बैंक 136 दिन की मोहलत किस लिए मांग रहा है। मगलानी ने आरोप लगाया कि यह सरासर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और भाजपा को भ्रष्टाचार से बचाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 2017 में एचटीआई  योजना की शुरुआत के बाद से राजनीतिक दलों को सामूहिक रूप से करीब 12000 करोड़ से अधिक प्राप्त हुए हैं। इनमें अकेले भाजपा को 6566 करोड़ मिले हैं जो की चुनावी बांड का 55 प्रतिशत है। इतनी बड़ी राशि किन लोगों ने भाजपा को दी है, यह जानकारी सुप्रीम कोर्ट में न पहुंचे इसके लिए एसबीआई पर दबाव बनाया गया है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के अब तक के सबसे बड़े भ्रष्टाचार के इस मामले का खुलासा ना हो जाए, इसीलिए इलेक्ट्रोल बांड खातों की जानकारी सुप्रीम कोर्ट को देने के लिए बैंक प्रबंधन 30 जून तक की मोहलत मांग रहा है। कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार ने विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों के मार्फत कॉरपोरेट घरानों,बड़ी कंपनियों तथा बड़े व्यापारियों पर छापेमारी का दबाव बनाकर उनसे करोड़ों रुपए का फंड लिया है। इस फंड के बदले सरकार ने किसी न किसी तरीके से इन लोगों को उपकृत भी किया होगा। यह भाजपा सरकार का सबसे बड़ा घोटाला तथा भ्रष्टाचार है,जिसे उजागर होने से रोकने के लिए केंद्र की मोदी सरकार हर प्रकार के हथकंडे अपना रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता सब कुछ देखा और समझ रही है।आने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा और मोदी सरकार को लोग कड़ा सबक सिखाएंगे।