चेतावनी: महिला सशक्तिकरण योजनाओं को भाजपा सरकार ने बंद किया तो कांग्रेस संघर्ष करेगी

कांग्रेस द्वारा नारी न्याय सम्मान कार्यक्रम का आयोजन
श्रीगंगानगर:अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष में आज भूप कॉलोनी पार्क में आयोजित नारी न्याय सम्मान कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंकुर मगलानी ने प्रदेश की भाजपा सरकार को स्पष्ट चेतावनी दी की कि महिला कल्याण और सशक्तिकरण की योजनाओं तथा सुविधाओं को बंद करने की चेष्टा की गई तो महिलाओं को साथ लेकर कांग्रेस द्वारा कड़ा संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने महिलाओं को राहत देने के लिए अनेक सुविधाओं तथा सशक्तिकरण की योजनाओं को शुरू किया। घर में किसी के बीमार होने अथवा अकस्मात दुर्घटनाग्रस्त होने की स्थिति में इलाज के लिए महिलाओं को अपने गहने तथा मकान आदि चल-अचल संपत्ति को बेचना अथवा गिरवी रखना पड़ जाता था, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य योजना शुरू की, जिसमें 25 लाख तक का नि:शुल्क निशुल्क किए जाने की व्यवस्था की, इससे विशेष कर महिलाओं को बड़ी राहत मिली। गहलोत सरकार ने इस वर्ष नवंबर माह तक इस योजना की बीमा प्रीमियम राशि अदा की हुई है। श्री मगलानी ने कहा कि भाजपा को निशुल्क इलाज के लिए 25 लाख की राशि बहुत ज्यादा लग रही है। वह इस राशि को घटकर 5 लाख करना चाहती है। अगर भाजपा सरकार ने ऐसा किया तो कांग्रेस महिलाओं को साथ लेकर इसका विरोध करेगी।ऐसा किया तो कड़ा संघर्ष भी किया जाएगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि गहलोत सरकार ने महिलाओं के लिए स्मार्टफोन योजना,अन्नपूर्णा तथा फूड पैकेट आदि की अनेक योजनाओं को शुरू किया।प्रदेश की बहुत सारी महिलाओं को नि:शुल्क स्मार्टफोन दिए गए। यह कार्यक्रम चरणबद्ध चलाया गया।कुछ महिलाओं को फोन नहीं मिल पाए, क्योंकि कंपनी से मोबाइल फोन में लगने वाली चिप नहीं मिल पाई और इसी बीच चुनाव आचार संहिता लागू हो गई। उन्होंने ने कहा कि कांग्रेस जब प्रदेश में दोबारा सत्ता में आएगी तो प्रत्येक महिला स्मार्टफोन नि:शुल्क दिया जाएगा। उन्होंने भाजपा को आडे हाथों लेते हुए कहा कि लोगों को उचित मूल्य की दुकानों (राशन डिपो)पर बुलाकर मोदी की तस्वीरें वाले थैले दिए जा रहे हैं।यह भी चेतावनी दी जा रही है कि अगर यह थैले नहीं लिए गए तो उनको उचित मूल्य का राशन नहीं मिलेगा। यह भाजपा की बहुत ही निम्नकोटि की सोच को प्रदर्शित करता है। वर्तमान परिस्थितियों का जिक्र करते हुए श्री मगलानी ने कहा कि आज भी महिलाओं को अपने अधिकारों और सुरक्षा हितों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। निःसंदेह महिलाओं ने हर क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं लेकिन अभी भी महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए बहुत कुछ करना बाकी है। महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष कमला बिश्नोई ने बताया कि महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा और प्रदेश अध्यक्ष राखी गौतम के निर्देशानुसार नारी न्याय सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कांग्रेस की चार वरिष्ठ तथा सक्रिय कार्यकर्ताओं शीला अरोड़ा,मैनादेवी शर्मा, संतोष गहलोत और कृष्णा देवी अग्रवाल का शाल ओढाकर व माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। कमला बिश्नोई ने उद्बोधन में कहा कि कांग्रेस ही महिला के अधिकारों और सुरक्षा हितों के लिए सदैव संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। महिलाओं को सामाजिक न्याय दिलाना भी कांग्रेस की सर्वोच्च प्राथमिकता में है।कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेंद्र सोनी,वेद वर्मा, बनवारीलाल बिश्नोई,वीना इंदौरा, श्रीमती प्रवीण शर्मा और लक्ष्मण सांखला आदि ने भी विचार व्यक्त किये।पवन गौतम,मुकेश मिड्ढा,सोहन वर्मा,सुनीता सिडाना, श्रीमती पूजा शर्मा और विध्या देवी अधिक काफी संख्या में कांग्रेस जन तथा आम महिलाएं उपस्थित रहीं। कमला बिश्नोई ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए अंत में धन्यवाद ज्ञापित किया