श्रीगंगानगर,पंजाब से नहरों में आ रहे केमिकल युक्त जहरीले पानी और क्षेत्र में फैले अत्यधिक मेडिकेटेड नशा प्रकोप के खिलाफ कल शनिवार को आह्वान किए गए जिला बंद को कांग्रेस ने खुला समर्थन दिया है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अंकुर मगलानी ने पार्टी ऑफिस में आज आयोजित अहम बैठक में उपस्थित सभी कांग्रेसजनों से कल शनिवार के बंद को कामयाब बनाने और केंद्र व राज्य कि भाजपा सरकारों तक यह समस्या पहुंचाने के लिए बढ़ चढ़कर इस आंदोलन में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कांग्रेसजनों से कहा है कि वे कल सुबह 7:30 बाजे गोल बाजार के गांधी चौक में पहुंचे। गांधी चौक में दिए जाने वाले धरने में वह अपने साथ अधिक से अधिक संख्या में लोगों को लेकर आएं। श्री मगलानी ने कहा कि भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी ने पहले बड़े-बड़े दावे किए थे कि इस क्षेत्र में नशे की समस्या का 60 दिन में खात्मा कर दिया जाएगा,लेकिन अब वे कह रहे हैं कि इस समस्या की जड़े इतनी गहरी है कि उसको उखाड़ पाना उनके लिए मुश्किल है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा इसी तरह झूठे वादे और घोषणाएं कर सत्ता में आई है। एक वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा सरकार की विफलताओं को लोगों तक कांग्रेस द्वारा पहुंचाया जाएगा।इसकी बाकायदा रूपरेखा बनाई जा रही है। उन्होंने उपस्थित कांग्रेस जनों से कहा कि वे भाजपा सरकार की गलत नीतियों, जनविरोधी फैसलों और पूर्ववर्ती अशोक गहलोत सरकार द्वारा चलाई गई जनकल्याणकारी कि जिन योजनाओं को मौजूदा भाजपा सरकार ने एक-एक कर बंद किया है, उसका पूरा चिट्ठा लोगों के बीच जाकर खोलें।श्री मगलानी ने कहा कि एक वर्ष में ही लोग भाजपा सरकार से इतने दुखी हो गए हैं कि वह आने वाले स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस को सत्ता में लाकर अपने आक्रोश को जाहिर करेंगे। बैठक में कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष कश्मीरीलाल इंदौरा, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष भीमराज डाबी, धर्मपाल झोरड,सोहनलाल नायक, सुरेंद्र पारीक सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने संबोधित किया। बैठक में डॉ कश्मीरीलाल कथूरिया,भरतवीर, सचिन आडवाणी, रवि चुघ, शंकर असवाल, साहिल बंगाली, अर्जुन राजपाल, भूराराम नायक, जितेंद्र शैंकी जसूजा, गोपालसिंह टक्कर, प्रेमचंद भाटिया, धर्माराम मेघवाल, मानकचंद शर्मा,श्याम पुन्यानी, हिमांशु सिंह सिसोदिया, बंटी राठौर, मुकेश मिड्डा, नंदराम लावा, डॉ रामप्रकाश नायक, डॉ. बलदेव बघेजा, सुरजीतसिंह,हरजिंदरसिंह, मनोज कुमार भिड़ासरा और हरीश अरोड़ा काकू आदि उपस्थित रहे।
